Summer express,नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में कथित रूप से संचालित देह व्यापार के खिलाफ सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने 26 नवंबर 2026 को नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग थाना क्षेत्रों में चार अलग-अलग स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी कर देह व्यापार से जुड़े चार कथित रैकेट का खुलासा किया। इस दौरान पुलिस ने 29 महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, इन इलाकों के कुछ स्पा सेंटरों में मसाज की सुविधा देने के नाम पर कथित तौर पर वेश्यावृत्ति का अवैध कारोबार चलाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थानों के एसएचओ की निगरानी में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस ने इन सेंटरों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों को नकली ग्राहक (डिकॉय कस्टमर) बनाकर स्पा सेंटरों के अंदर भेजा गया। इसका उद्देश्य वहां चल रही गतिविधियों की वास्तविकता का पता लगाना और अवैध काम की पुष्टि करना था। अंदर से पुष्टि मिलने के बाद बाहर तैनात पुलिस टीमों ने एक साथ छापेमारी की।
इस अभियान के तहत पुलिस ने चार स्पा सेंटरों में चल रही कथित अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश किया और वहां मौजूद 29 महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।