Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला छावनी की लाल कुर्ती थाना पुलिस ने राजस्थान के उदयपुर में दर्ज एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उदयपुर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को आरोपी नशे की हालत में शामा ढाबे के नजदीक पड़ा मिला था। तलाशी के दौरान उसकी जेब से मिले मोबाइल नंबरों के आधार पर उसकी पहचान और आपराधिक मामले का पता चला।
जानकारी के अनुसार, लाल कुर्ती थाना पुलिस की टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शामा ढाबे के पास एक व्यक्ति नशे की हालत में पड़ा दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे उठाकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम गुरविंदर सिंह बताया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से कुछ मोबाइल नंबर मिले। पुलिस ने इन नंबरों पर संपर्क किया तो पता चला कि गुरविंदर सिंह राजस्थान के उदयपुर में दर्ज एक मामले में वांछित है।
जांच में सामने आया कि आरोपी अहमदाबाद से स्टील से भरा ट्रक लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में ट्रक में लदा स्टील बेच दिया और खाली ट्रक को एक स्थान पर खड़ा कर दिया। इस मामले में उदयपुर में एफआईआर नंबर 143 दर्ज की गई थी। इसके बाद अंबाला पुलिस ने उदयपुर पुलिस से संपर्क कर आरोपी के पकड़े जाने की सूचना दी और उसे उनके हवाले कर दिया। अब उदयपुर पुलिस आरोपी से मामले में आगे की पूछताछ करेगी और नियमानुसार कार्रवाई करेगी।