Summer express, बलिंदर कुमार, कैथल। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को कैथल में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने किसानों और आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं तथा मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश में चर्चा का विषय बने धान घोटाले को लेकर भी कृषि मंत्री ने सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों को हल्के में न लिया जाए। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसका समाधान निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कष्ट निवारण समिति की बैठकों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
राणा ने कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार किसानों के कल्याण और आमजन की सुविधाओं को लेकर प्रतिबद्ध है। किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों और जरूरतमंद लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
बैठक में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कृषि मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की हिदायत दी।