Summer express, चंडीगढ़। हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुधीर राजपाल 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। राज्य सरकार ने शुक्रवार को उनकी सेवानिवृत्ति के आदेश जारी कर दिए। सरकार ने उनका कार्यकाल बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था, लेकिन केंद्र ने इसे मंजूरी नहीं दी। सुधीर राजपाल के साथ आईएएस अधिकारी डॉ. अभिलक्ष लिखी भी सोमवार को सेवानिवृत्त होंगे। वह फिलहाल केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग में तैनात हैं।
सुधीर राजपाल हरियाणा के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों में शामिल हैं। एक समय उन्हें प्रदेश के मुख्य सचिव पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन वरिष्ठता सूची में शीर्ष पर होने के बावजूद उन्हें यह जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई। केंद्र से सेवा विस्तार की मंजूरी नहीं मिलने के बाद राज्य सरकार ने उनकी सेवानिवृत्ति की प्रक्रिया पूरी कर दी।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी यशपाल यादव के बीच इस संबंध में बैठक हुई। बैठक में सुधीर राजपाल भी मौजूद थे। बैठक के तुरंत बाद उनकी सेवानिवृत्ति का आदेश जारी कर दिया गया।
राजपाल की सेवानिवृत्ति के बाद हरियाणा में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना है। उच्चतर शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग और वास्तुकला विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह को नया गृह सचिव बनाए जाने की चर्चा है।
हरियाणा में आईएएस अधिकारियों के कुल 226 स्वीकृत पद हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 178 अधिकारी ही कार्यरत हैं। सोमवार को दो आईएएस अधिकारियों की सेवानिवृत्ति के बाद यह संख्या घटकर 176 रह जाएगी। इनमें से करीब 10 अधिकारी केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं। इसके अलावा अगले महीने मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और जनवरी में आईएएस अधिकारी सुमिता मिश्रा सेवानिवृत्त होने वाले हैं। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव का पद भी पिछले दो महीने से खाली है। ऐसे में प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।
अधिकारियों की कमी को देखते हुए हरियाणा सरकार ने केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को वापस बुलाने का अनुरोध किया है। इनमें वी. उमाशंकर, डॉ. राकेश गुप्ता, विकास गुप्ता और नितिन यादव शामिल हैं। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी तक इन अधिकारियों की वापसी को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।