Summer express, विकास शर्मा, चिंतपूर्णी। चिंतपूर्णी में शनिवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क पर बंद हो गई। बस तलवाड़ा से वाया चिंतपूर्णी होते हुए बद्दी जा रही थी। बाबा श्री माई सदन के समीप बस स्टैंड की ओर जाते समय बस में खराबी आ गई, जिसके चलते मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात पूरी तरह रुक गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
मुख्य सड़क पर यातायात बहाल करने के लिए बस को वहां से हटाकर तलवाड़ा बाईपास की तरफ ले जाने का प्रयास किया गया। हालांकि, तकनीकी खराबी के कारण बस बाईपास पर भी खड़ी हो गई। इससे बाईपास मार्ग भी अवरुद्ध हो गया और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक लगे जाम के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ चिंतपूर्णी आने-जाने वाले श्रद्धालु और अन्य राहगीर भी प्रभावित हुए।
बाईपास पर वाहनों की कतारें बढ़ने और रास्ता बाधित होने की सूचना मिलने पर चिंतपूर्णी पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थिति का जायजा लेते हुए खराब बस को सड़क से हटाने के लिए प्रयास शुरू किए। बस को अपने आप हटाना संभव नहीं होने पर दूसरी गाड़ी की मदद ली गई। इसके बाद टोचन लगाकर बस को खींचते हुए सुरक्षित रूप से सड़क के किनारे पहुंचाया गया।
बस के रास्ते से हटते ही मुख्य मार्ग और बाईपास पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया। काफी देर से जाम में फंसे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मार्ग पर दोबारा वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। इस घटना के चलते कुछ समय तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।