Summer express, अनुज पंचाल, गुरुग्राम। गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 27 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया के अंतर्गत ट्रेन से रवाना किया है। ये सभी नागरिक भारत में रहने से संबंधित वैध वीजा, पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, एटीएस और पीओ स्टाफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान इन 27 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया था। दस्तावेजों की जांच में भारत में उनके रहने की वैधता से संबंधित जरूरी कागजात नहीं मिले। इसके बाद सभी को मानेसर स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया था। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 27 नवंबर को उन्हें वापस भेजने की कार्रवाई के तहत ट्रेन से रवाना किया गया।
सभी नागरिकों को पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा और निगरानी में ट्रेन तक पहुंचाया गया। यात्रा के दौरान पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उनके लिए ट्रेन में अतिरिक्त जनरल कोच भी अटैच करवाया गया। पुलिस की टीम पूरे घटनाक्रम के दौरान उनके साथ रही, ताकि उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित तरीके से रवाना किया जा सके।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने और उनके दस्तावेजों का सत्यापन करने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस दौरान संदिग्ध रूप से रह रहे लोगों की जांच की जा रही है और दस्तावेजों में अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान, सत्यापन और उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।