Summer express, बलिंदर कुमार, कैथल। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए कैथल पुलिस ने शनिवार सुबह गुहला क्षेत्र के कई गांवों और डेरों में व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान 15 पुलिस टीमों के करीब 150 जवानों ने स्निफर डॉग की मदद से संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों की तलाशी ली। पुलिस ने चाणचक, डेरा चाणचक सहित आसपास के कई डेरों में करीब 20 घरों और अन्य संदिग्ध स्थानों की जांच की।
यह अभियान नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल के निर्देशों और कैथल के एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाया गया। डीएसपी रोहताश की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई में थाना गुहला के एसएचओ इंस्पेक्टर शिवकुमार और सीआईए गुहला प्रभारी पीएसआई संदीप की टीमें भी शामिल रहीं। पुलिस ने अलग-अलग टीमों के माध्यम से एक साथ कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान स्निफर डॉग की सहायता से घरों और अन्य संभावित स्थानों को बारीकी से खंगाला गया। पुलिस टीमों ने जांच की कि कहीं मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं और कोई व्यक्ति नशा तस्करी या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल तो नहीं है। इस अभियान के जरिए पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएसपी रोहताश ने कहा कि कैथल पुलिस का लक्ष्य जिले में नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करना है। इसके लिए विशेष कॉम्बिंग अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशा तस्करों की असली जगह जेल है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशा बेचने या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग की अपील भी की। कैथल पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी जारी रहेगा। जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस और आमजन का सामूहिक सहयोग जरूरी है।