Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अंबाला पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में अंबाला छावनी के महेशनगर थाना क्षेत्र में नशे की बिक्री के लिए चिन्हित हॉटस्पॉट इलाकों में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने टांगरी नदी के आसपास स्थित कॉलोनियों में घर-घर जाकर तलाशी ली। इस दौरान 100 से अधिक घरों की जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने कमरों, बेडरूम और रसोई तक की तलाशी लेकर संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की।
पुलिस ने इस अभियान के तहत केवल आवासीय क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाई। बस स्टैंड के आसपास स्थित होटलों और दुकानों में चेकिंग की गई तथा वहां मौजूद संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस का उद्देश्य नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की पहचान करना और क्षेत्र में सक्रिय नेटवर्क पर शिकंजा कसना था।
महेशनगर थाना पुलिस की कार्रवाई के दौरान तलाशी अभियान में दो संदिग्ध मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा भी कब्जे में ली गई। पुलिस इन वाहनों से संबंधित जानकारी और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और लोगों से भी नशे के कारोबार के संबंध में जानकारी जुटाई।
महेशनगर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे की बिक्री के लिए चिन्हित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध ठिकानों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में नशे के नेटवर्क को खत्म किया जा सके।