Summer express, आरविंदर सिंह, हमीरपुर। दी उपभोक्ता संरक्षण संगठन की बैठक में शहर की विभिन्न जनसमस्याओं और उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान भोटा चौक और गांधी चौक के फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के आसपास फोटोस्टेट दुकानों में मनमाने दाम वसूले जाने और बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि भोटा चौक और गांधी चौक के फुटपाथों पर अतिक्रमण होने से पैदल चलने वालों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। संगठन ने नगर निगम आयुक्त से मामले का संज्ञान लेकर दोनों स्थानों के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करवाने की मांग की, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के आसपास संचालित फोटोस्टेट दुकानों में दस्तावेजों की फोटोकॉपी के लिए मनमाने दाम वसूले जाने पर भी चिंता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि इस तरह की वसूली पर नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए। वहीं, बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों को होने वाली असुविधा को देखते हुए उनके लिए अलग काउंटर या लाइन की व्यवस्था करने की मांग भी की गई।
संगठन के महासचिव मनोहर लाल कानूनगो ने बताया कि बैठक का आयोजन लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में किया गया। इसमें शहर की समस्याओं पर विचार-विमर्श कर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से समाधान की मांग उठाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि संगठन के अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया ने स्वास्थ्य कारणों के चलते अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। नए अध्यक्ष के चयन के लिए 20 दिसंबर 2026 को चुनाव करवाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इच्छुक व्यक्ति संगठन की सदस्यता ग्रहण कर सकता है।