Summer express, हिसार। रोहतक में दिल्ली रोड स्थित मिलन ढाबे पर हुई गैंगवार के मामले में बागपत के 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश रवि राठी का नाम सामने आया है। उसने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट साझा कर वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस को आशंका है कि हिमांशु उर्फ भाऊ गिरोह की गतिविधियों को रवि राठी जॉर्जिया से संचालित कर रहा है और उसी के इशारे पर उसके साथियों ने ढाबे पर हमला किया। मामले की जांच के सिलसिले में हरियाणा एसटीएफ और क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए) की टीम ने बागपत के गांगनौली गांव पहुंचकर रवि राठी के आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई है।
जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की देर रात करीब एक बजे रोहतक में दिल्ली रोड पर खरावड़ के पास स्थित मिलन ढाबे पर दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई थी। इस दौरान करीब 50 से 60 राउंड फायर किए गए। वारदात में अंकित उर्फ बाबा गिरोह से जुड़े डीघल गांव निवासी 28 वर्षीय रिंकू, 22 वर्षीय विनीत और 22 वर्षीय यश उर्फ गज्जू की मौत हो गई। इसके अलावा ढाबे पर खाना खा रहे झज्जर जिले के बेरी निवासी एमकॉम के छात्र हिमांशु की भी गोली लगने से जान चली गई। बताया गया है कि उस समय तीनों बदमाश भी खाना खाने की तैयारी कर रहे थे।
इस घटना के बाद हिमांशु उर्फ भाऊ गिरोह से जुड़े रवि राठी निवासी गांगनौली और अमन भाटी निवासी डीघल के नाम सामने आए। दोनों की ओर से वारदात की जिम्मेदारी लेने संबंधी पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर साझा किए जाने के बाद हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस सक्रिय हो गई। रोहतक एसटीएफ और सीआईए की टीम ने शुक्रवार को दोघट थाने में अपनी आमद दर्ज कराई और गांगनौली सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर जांच की। दोघट थाना प्रभारी केवल सिंह ने हरियाणा पुलिस की टीम के पहुंचने की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, रवि राठी दोघट थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, धमकी और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 14 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ पहला मुकदमा वर्ष 2011 में अपहरण और हत्या के मामले में दर्ज हुआ था। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद वह करीब डेढ़ साल से किसान पप्पू निवासी गांगनौली की हत्या के मामले में अदालत में पेश नहीं हो रहा है। इस पर अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया हुआ है। लगातार पेशी से अनुपस्थित रहने के कारण मेरठ के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने इसी साल आठ मई को उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
रवि राठी, वर्ष 2015 में मारे गए एक लाख रुपये के इनामी रहे प्रमोद गांगनौली का छोटा भाई है। प्रमोद की तीन अगस्त 2015 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अजीत उर्फ हप्पू और परमवीर तुगाना के नाम सामने आए थे। बताया जाता है कि प्रमोद ने अपने परिवार के ही एक लाख रुपये के इनामी अमित उर्फ सद्दाम के साथ मिलकर कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया था। दोनों पर पुलिस सुरक्षा के बीच किसान रामवीर और उनकी पत्नी सरोज देवी की हत्या करने का भी आरोप लगा था। आपसी रंजिश के चलते इस परिवार के पांच सदस्यों की हत्या हो चुकी है। इन घटनाओं के बाद यह परिवार क्षेत्र में चर्चा में आया था।
रवि राठी की मां सुभाषना देवी दो बार ग्राम प्रधान का चुनाव जीत चुकी हैं। फिलहाल वह गांव की प्रशासक हैं। रोहतक गैंगवार में रवि राठी की कथित भूमिका सामने आने के बाद दोनों राज्यों की पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।