Summer express, करनाल। सदर बाजार क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला नक्ष उर्फ ऋषभ शाम घर की दूसरी मंजिल पर अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत नीचे लेकर आए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल किशोर की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
परिजनों के मुताबिक, शाम नक्ष घर की छत पर टहलने और पतंग उड़ाने के लिए गया था। छत पर जाते समय उसकी दादी ने उसे वहां से सूखे कपड़े उतारकर लाने के लिए भी कहा था। काफी देर तक जब वह वापस नीचे नहीं आया तो काम से घर लौटे उसके दादा को उसे देखने के लिए छत पर भेजा गया। वहां पहुंचने पर दादा ने नक्ष को अचेत हालत में पड़ा देखा और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर किशोर को नीचे लाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दादा और चाचा ने बताया कि नक्ष संयुक्त परिवार में सभी का लाड़ला था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन भी है। उसके पिता लकवे से पीड़ित हैं। परिजनों के अनुसार, नक्ष सामान्य रूप से खुश रहता था और उसे किसी तरह की परेशानी या मानसिक तनाव होने की जानकारी परिवार को नहीं थी। ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत ने सभी को हैरान कर दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोर की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।