Summer express, राहुल चावला, धर्मशाला। सिद्धबाड़ी स्थित ग्यूतो तांत्रिक मठ में परम पावन दलाई लामा की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए विशेष दीर्घायु प्रार्थना समारोह (तेनशुक) का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अनुयायियों ने भाग लेकर दलाई लामा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। समारोह में शामिल होने के लिए स्विट्जरलैंड और कनाडा से भी उनके अनुयायी धर्मशाला पहुंचे।
इस दौरान स्विट्जरलैंड से आए बेन और कनाडा की त्सेदेन शामात्सांग, जिन्हें लोग नीला के नाम से भी जानते हैं, ने दलाई लामा के प्रति अपनी आस्था और अनुभव साझा किए। दोनों ने उन्हें करुणा, प्रेम और आध्यात्मिक ज्ञान का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका सानिध्य और आशीर्वाद प्राप्त करना जीवन का विशेष सौभाग्य है।
स्विट्जरलैंड से आए बेन ने बताया कि उनका जन्म स्विट्जरलैंड में हुआ है और वह धर्म के बारे में अधिक जानने तथा आध्यात्मिक शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से धर्मशाला पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में धर्म और आध्यात्मिकता को समझने के कई अवसर मिलते हैं। परम पावन दलाई लामा दुनिया के महान आध्यात्मिक गुरुओं में शामिल हैं। उनकी विशेषता यह है कि वे केवल धर्म की शिक्षा नहीं देते, बल्कि उसके सिद्धांतों को अपने जीवन में भी अपनाते हैं। उनका हृदय सभी प्राणियों के प्रति प्रेम और करुणा से भरा है, जिससे दुनिया भर के लोग प्रेरणा लेते हैं।
बेन ने कहा कि किसी महान संत और आध्यात्मिक व्यक्तित्व का सानिध्य प्राप्त करने के अनुभव को शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है। दलाई लामा के सामने उपस्थित होकर उनके व्यक्तित्व में मौजूद प्रेम और आध्यात्मिकता को महसूस किया जा सकता है। उनके दर्शन करना और आशीर्वाद प्राप्त करना अपने आप में एक विशेष अनुभूति है।
कनाडा से पहुंचीं त्सेदेन शामात्सांग उर्फ नीला ने कहा कि ग्यूतो तांत्रिक मठ में दलाई लामा की लंबी आयु और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आयोजित तेनशुक समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में विदेशी श्रद्धालु भी पहुंचे हैं। सभी की कामना है कि परम पावन स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों।
नीला ने कहा कि दलाई लामा के दर्शन करना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए अविश्वसनीय अनुभव है। वह स्वयं को एक सामान्य व्यक्ति मानती हैं, लेकिन उनकी इच्छा है कि उन्हें हमेशा परम पावन का आशीर्वाद मिलता रहे। उन्होंने कहा कि दलाई लामा जहां भी रहते हैं या जाते हैं, वहां का वातावरण सकारात्मकता, खुशहाली और ज्ञान से भर जाता है। उनके सानिध्य से हर व्यक्ति जुड़ाव महसूस करता है। नीला के अनुसार, उनका आशीर्वाद लोगों के जीवन में सकारात्मक सोच और ज्ञान का संचार करता है।