समर न्यूज | चंडीगढ़/मोहाली
पंजाब में कथित भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। अनाज खरीद और भंडारण से जुड़े ठेकों में कथित अनियमितताओं, कुराली की ड्रीम मीडोज कॉलोनियों के नियमितीकरण और मोहाली के न्यू चंडीगढ़ स्थित सनटेक सिटी रियल एस्टेट परियोजना की जांच के दौरान एजेंसी ने कई महत्वपूर्ण कार्रवाई की हैं।
इन मामलों में वरिष्ठ नौकरशाहों, निजी कंपनियों, ठेकेदारों और रियल एस्टेट कारोबारियों की भूमिका जांच के दायरे में है। ईडी के चंडीगढ़ जोनल कार्यालय ने 25 और 26 नवंबर को तीन कंपनियों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली। इनमें ओरिगो कमोडिटीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ग्रेमार्बल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड और शिवालिक एग्रो पॉली प्रोडक्ट्स लिमिटेड शामिल हैं।
जांच की शुरुआत केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी से हुई, जिसमें भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों और अन्य लोगों पर निजी कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप हैं। इन सभी मामलों में ईडी गहनता से जांच कर रही है।
एलडीपीई कवर आपूर्ति के ठेके भी जांच के घेरे में
शिवालिक एग्रो पॉली प्रोडक्ट्स को पनग्रेन से कम घनत्व वाली पॉलीथीन (एलडीपीई) कवर की आपूर्ति के ठेके मिलने की भी जांच हो रही है। ईडी यह पता लगा रही है कि संबंधित अधिकारी और कंपनी के बीच कोई वित्तीय हित या अनुचित लेनदेन तो नहीं था। एजेंसी को अधिकारी के परिवार के सदस्यों के जरिए कंपनी में कथित हित होने का भी संदेह है।
{ड्रीम मीडोज मामले में एक किलो सोना जब्त: कुराली की ड्रीम मीडोज-1 और ड्रीम मीडोज-2 कॉलोनियों के मामले में ईडी के जालंधर जोनल कार्यालय ने 20 नवंबर को मोहाली और चंडीगढ़ में तलाशी ली थी। यह जांच मोहाली विजिलेंस ब्यूरो की दो प्राथमिकी के आधार पर की जा रही है। इसमें डब्ल्यूडब्ल्यूआईसीएस एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशक दविंदर सिंह संधू और कुछ सरकारी अधिकारियों तथा निजी व्यक्तियों की कथित मिलीभगत की पड़ताल हो रही है। ईडी का आरोप है कि दोनों कॉलोनियों को अलग-अलग दिखाकर सरकारी शुल्क से बचने की कोशिश की गई। जांच में करीब 35.58 करोड़ रुपये का खर्च सामने आया है, जो संबंधित लोगों की ज्ञात वैध आय का लगभग 1.73 गुना बताया गया है। जमीन मालिकों की कथित फर्जी सहमति के आधार पर नियमितीकरण प्रमाणपत्र हासिल करने के आरोप भी हैं। तलाशी में करीब 1.23 करोड़ रुपये मूल्य की एक किलो सोने की छड़, दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। इसके अलावा बैंक खातों और सावधि जमा में रखे करीब 3.16 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए हैं।
{एक एकड़ जमीन भी जांच के घेरे में: ईडी के अनुसार, वर्ष 2019-20 में पंजाब स्टेट सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन (पनग्रेन) के अनाज भंडारण और प्रबंधन संबंधी ठेकों में कथित गड़बड़ियों से सरकारी खजाने को करीब 100 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। एजेंसी एक वरिष्ठ नौकरशाह और ओरिगो कमोडिटीज के बीच कथित लेनदेन की जांच कर रही है। अधिकारी के करीबी रिश्तेदार के नाम पर ग्रेमार्बल इंफ्रा के साथ खरीदी गई एक एकड़ जमीन भी जांच के घेरे में है।