एजेंसी | ओटावा
कनाडा के सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक प्रांत के विवादित कानून बिल-21 को ज्यादातर वैध ठहराते हुए सरकारी कर्मचारियों के धार्मिक प्रतीक पहनने पर लगी रोक बरकरार रखी है। शुक्रवार को सुनाए गए इस फैसले से सिखों की पगड़ी, मुस्लिम महिलाओं के हिजाब, यहूदियों की किप्पा और ईसाइयों के क्रॉस पहनने पर प्रतिबंध प्रभावित होगा। यह फैसला पूरे कनाडा पर लागू नहीं होगा, बल्कि केवल क्यूबेक प्रांत के कानून से संबंधित है।
सरकारी स्कूलों के शिक्षक, पुलिस अधिकारी, न्यायाधीश और कुछ अन्य सरकारी पदों पर कार्यरत अधिकारी ड्यूटी के दौरान धार्मिक पहचान वाले प्रतीक नहीं पहन सकते। हालांकि, कानून लागू होने से पहले नियुक्त कुछ कर्मचारियों को छूट दी गई है।
{संवैधानिक अधिकारों पर बहस: सुप्रीम कोर्ट ने माना कि क्यूबेक सरकार ने संविधान में दिए गए विशेष अधिकार का इस्तेमाल करके कानून को चुनौती से बचाने की प्रक्रिया वैध तरीके से अपनाई थी। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि इसके बावजूद न्यायालय किसी कानून की संवैधानिक अधिकारों से असंगति पर टिप्पणी कर सकते हैं। हालांकि, अदालत ने विधानसभा सदस्यों के धार्मिक कारणों से चेहरा ढकने पर रोक वाले प्रावधान को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन माना। यह प्रतिबंध उन पर लागू नहीं होगा।
{इटली में स्कूलों में बुर्का नकाब पर प्रतिबंध: राेम| इटली की संसद ने स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर प्रतिंबंध लगाने वाले विवादित शिक्षा कानून को मंजूरी दे दी है। इसके पक्ष में 142 और विरोध में 112 वोट पड़े, जबकि चार सदस्य मतदान से अलग रहे। नए कानून के तहत पहली कक्षा में विदेशी मूल के विद्यार्थियों की संख्या 30 प्रतिशत तक सीमित होगी। हालांकि, इतालवी भाषा का पर्याप्त ज्ञान रखने वाले विद्यार्थियों को इससे छूट मिलेगी। चेहरा ढकने के नियम का उल्लंघन करने पर 1000 यूरो तक जुर्माना लगाया जा सकता है। विदेशी अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा सीखने की व्यवस्था भी की गई है।