एजेंसी | नई दिल्ली
पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने देशी और विदेशी निवेशकों से राज्य के उद्यमियों के साथ साझेदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंजाब में मार्च 2022 से अब तक करीब दो लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 6.63 लाख से अधिक रोजगार पैदा होने की संभावना है।
अरोड़ा शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पंजाब की औद्योगिक उपलब्धियों और निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 16 मार्च 2022 से 10 नवंबर 2026 तक राज्य को 10,673 निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि पंजाब में कारोबार शुरू करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सरकार ने डिजिटल सिंगल विंडो व्यवस्था को मजबूत किया है। फास्टट्रैक पंजाब पोर्टल के जरिए 20 से अधिक विभागों की 300 से ज्यादा सेवाएं एक मंच पर उपलब्ध कराई गई हैं।
सरकार के अनुसार, निवेश संबंधी मंजूरियां 45 कार्यदिवसों में देने का प्रावधान है। यदि संबंधित विभाग निर्धारित समय में निर्णय नहीं लेता, तो आवेदन को स्वीकृत माना जाएगा। अरोड़ा ने कहा कि इस व्यवस्था से उद्यमियों को अनावश्यक देरी से राहत मिलेगी।
अरोड़ा ने कहा कि पंजाब का औद्योगिक आधार छोटे और मध्यम उद्यमों की मेहनत से विकसित हुआ है। राज्य में 18.12 लाख पंजीकृत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम हैं। लुधियाना के साइकिल और होजरी उद्योग, जालंधर के खेल सामान व औजार, मंडी गोबिंदगढ़ का इस्पात उद्योग और बटाला की फाउंड्रियां पंजाब की औद्योगिक पहचान का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील, नेस्ले, पेप्सिको, यूनिलीवर, कारगिल और अन्य बड़ी कंपनियां भी राज्य में काम कर रही हैं।
{कौशल और रोजगार पर जोर: मंत्री ने बताया कि सरकार ने उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप नीतियां तैयार करने के लिए 24 क्षेत्रवार समितियां गठित की हैं। हुनर पंजाब पोर्टल के माध्यम से उद्योगों को करीब 1,750 शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थानों से जोड़ा गया है, ताकि युवाओं को रोजगार, इंटर्नशिप और औद्योगिक प्रशिक्षण के अवसर मिल सकें।