समर न्यूज | जालंधर
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ‘एक परिवार, एक टिकट’ के नियम में बदलाव कर सकती है। पार्टी के भीतर इस बात पर चर्चा तेज हो गई है कि टिकट आवंटन में उम्मीदवार के परिवार के बजाय उसकी चुनाव जीतने की क्षमता और जनता के बीच स्वीकार्यता को प्राथमिकता दी जाए। हालांकि, इस नीति को पूरी तरह समाप्त करने का कोई औपचारिक निर्णय अभी सामने नहीं आया है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह पहले ही संकेत दे चुके हैं कि हर मामले में एक जैसा नियम लागू करना उचित नहीं होगा। उनका कहना है कि यदि किसी परिवार का एक सदस्य सांसद है और दूसरा विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता है, तो उसे केवल पारिवारिक संबंधों के आधार पर टिकट से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक दावेदार का मूल्यांकन अलग-अलग किया जाना चाहिए। पार्टी में कई वरिष्ठ नेता अपने परिजनों के लिए विधानसभा टिकट की मांग कर रहे हैं। इनमें राणा गुरजीत सिंह, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, त्रिपत राजिंदर सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी और मदन लाल जलालपुर के परिवारों से जुड़े दावेदार शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपने बड़े बेटे नवजीत सिंह को चुनाव लड़वाना चाहते हैं। वहीं, राणा गुरजीत सिंह के बेटे राणा इंदर प्रताप सिंह भी टिकट को लेकर चर्चा में हैं। इस मुद्दे पर पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं को अपने परिवार के बजाय सामान्य कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का अवसर देना चाहिए।
{सर्वे से तय होगी दावेदारी: कांग्रेस ने संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता और जीतने की संभावना का आकलन करने के लिए सर्वे शुरू किया है। खास तौर पर उन विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है, जहां कई नेता टिकट के दावेदार हैं। पार्टी का उद्देश्य मजबूत उम्मीदवारों की पहचान कर चुनावी तैयारी को समय रहते पूरा करना है। पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची दिसंबर के शुरुआती दिनों में जारी होने की संभावना है। इसमें करीब 40 से 50 नाम शामिल किए जा सकते हैं। अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा।