समर न्यूज | चंडीगढ
पंजाब की राजनीति में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहा अकाली दल वारिस पंजाब दे अब कनाडा में रहने वाले पंजाबियों के बीच समर्थन जुटाने की तैयारी में है। संगठन के समर्थकों की ओर से 20 दिसंबर को कनाडा के ब्रैम्पटन में रैली आयोजित की जाएगी। इसे पंजाब के अधिकारों, सिख पंथ और युवाओं की आवाज उठाने के मंच के रूप में पेश किया जा रहा है।
रैली का आयोजन स्पेरांजा बैंक्वेट हॉल, 510 डियरहर्स्ट ड्राइव, ब्रैम्पटन में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगा। संगठन ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर कनाडा में रहने वाले पंजाबियों से परिवार और मित्रों सहित इसमें शामिल होने की अपील की है। पोस्टर में पंजाब, पंथ और युवाओं के हितों के लिए एकजुट होने का संदेश दिया गया है। पोस्टर में खडूर साहिब से सांसद और संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह की तस्वीर प्रमुखता से लगाई गई है। अमृतपाल इस समय असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। पोस्टर में जरनैल सिंह भिंडरावाले, मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा और अभिनेता व कार्यकर्ता दीप सिद्धू की तस्वीरें भी शामिल हैं। अकाली दल वारिस पंजाब दे पंजाब में भी अपना संगठनात्मक आधार बढ़ाने में जुटा है। हाल के महीनों में इसने राज्य के विभिन्न हिस्सों में सभाएं और धार्मिक-राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए हैं। अमृतपाल सिंह की 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद संगठन ने चुनावी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
{पंजीकरण और आयोजकों पर सवाल: संगठन को अभी चुनाव आयोग से राजनीतिक दल के रूप में पंजीकरण मिलने का इंतजार है। पंजीकरण का मामला अदालत में भी लंबित रहा है। ब्रैम्पटन में प्रस्तावित रैली को लेकर आयोजकों की राजनीतिक संबद्धता और विचारधारा पर भी सवाल उठाए गए हैं। ऐसे में यह आयोजन संगठन के लिए विदेशों में समर्थन परखने के साथ-साथ अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करने का अवसर माना जा रहा है।
{आगे की रणनीति: कनाडा में पंजाबी समुदाय की बड़ी आबादी और पंजाब से जुड़े मुद्दों पर उसकी रुचि को देखते हुए यह रैली संगठन के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, विदेशों में जुटने वाला समर्थन पंजाब में चुनावी सफलता में कितना बदल पाएगा, यह संगठन की आगामी रणनीति और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर निर्भर करेगा।