समर न्यूज | चंडीगढ़
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच शिरोमणि अकाली दल ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल कई विधानसभा क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर संकेत दे चुके हैं, जबकि कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा भी हो चुकी है। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन के बाद टिकटों की तस्वीर में बदलाव संभव है। अब पार्टी को अपने दावेदारों के साथ-साथ सहयोगी दल की सीटों की मांग और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों का भी ध्यान रखना होगा।
अकाली दल ने अगस्त में घनौर सीट से युवा अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर को उम्मीदवार घोषित कर चुनावी तैयारी का पहला स्पष्ट संकेत दिया था। इसके बाद नवंबर में सुखबीर बादल ने रायकोट से प्रभदीप सिंह नत्थोवाल को प्रत्याशी घोषित किया। डेराबस्सी में एनके शर्मा का नाम भी लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन पार्टी की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
{गठबंधन ने बढ़ाई चयन की चुनौती: अकाली दल और भाजपा ने 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है। ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती 117 सीटों का बंटवारा है। पुराने गठबंधन में अकाली दल 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। इस बार भाजपा अधिक सीटों की मांग कर रही है। उसके संगठन का विस्तार शहरी और अर्धशहरी क्षेत्रों में हुआ है। ऐसे में लुधियाना, जालंधर, पटियाला और अमृतसर जैसे क्षेत्रों की सीटों पर दोनों दलों के दावेदारों के बीच सहमति बनाना आसान नहीं होगा। फिलहाल सीटों के बंटवारे का अंतिम फार्मूला सार्वजनिक नहीं किया गया है।
{जीत की संभावना होगी प्रमुख आधार: पार्टी के सामने एक और चुनौती पुराने नेताओं और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की है। पिछले चुनावों में कमजोर प्रदर्शन और संगठन में हुई टूट के बाद अकाली दल के लिए हर सीट अहम है। इसलिए उम्मीदवारों के चयन में जीत की संभावना, क्षेत्र में पकड़, जातीय-सामाजिक समीकरण और कार्यकर्ताओं की स्वीकार्यता को महत्व दिया जा सकता है। पार्टी ने चुनावी घोषणा-पत्र जारी करने और सुखबीर बादल की प्रस्तावित राज्यव्यापी बस यात्रा को भी गठबंधन की चर्चाओं के बीच टाल दिया है।
{दावेदारों की बढ़ी सक्रियता: गठबंधन के बाद अकाली नेताओं की नजर इस बात पर भी है कि कौन-सी सीट पार्टी के खाते में आती है। जिन हलकों में भाजपा मजबूत दावा पेश कर सकती है, वहां अकाली दावेदारों को दूसरे विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। ऐसे में आधिकारिक सूची जारी होने तक टिकट के कई दावेदार अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज रखेंगे। फिलहाल पार्टी ने कुछ नाम घोषित किए हैं, लेकिन सभी सीटों पर उम्मीदवारों का चयन और गठबंधन के तहत अंतिम सूची आना बाकी है।