Summer express/हमीरपुर, अरविंद। केंद्र सरकार की मजदूर और कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ हिमाचल के करीब चार हजार मजदूर दिल्ली कूच करेंगे। भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) के राष्ट्रीय आह्वान पर 1 और 2 दिसंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से हजारों मजदूर भाग लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सीटू ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में पर्चा वितरण अभियान चलाकर मजदूरों से दिल्ली पहुंचने की अपील की जा रही है।
सीटू के राष्ट्रीय सचिव कश्मीर सिंह ठाकुर ने बताया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण मजदूर वर्ग महंगाई, बेरोजगारी, कम मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा में कटौती जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रमिकों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं और उनकी जायज मांगों को अनदेखा किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मजदूरों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर देशभर के लाखों श्रमिक दिल्ली में एकजुट होंगे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। हिमाचल प्रदेश से करीब चार हजार मजदूरों के इस आंदोलन में शामिल होने की संभावना है। सीटू ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में मजदूरों को लामबंद करने का अभियान शुरू कर दिया है।