हरियाणा | हरियाणा के रोडवेज बस यात्रियों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। अब फिलहाल नए ‘हैप्पी कार्ड’ जारी नहीं किए जाएंगे। परिवहन मंत्री अनिल विज ने इस योजना की जांच के आदेश दे दिए हैं। हालांकि जांच की वजहों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि हरियाणा रोडवेज के 37 डिपो और उप-डिपो में पहले से 1.44 लाख से ज्यादा हैप्पी कार्ड तैयार पड़े हैं, लेकिन उन्हें लेने के लिए लाभार्थी नहीं पहुंच रहे हैं। यह स्थिति भी जांच की एक अहम वजह मानी जा रही है।
क्या है हैप्पी कार्ड?
हरियाणा सरकार की यह योजना अंत्योदय परिवारों के लिए है, जिसके तहत लाभार्थियों को 1000 किलोमीटर तक रोडवेज बसों में फ्री सफर की सुविधा दी जाती है।
सूत्रों के अनुसार, फिलहाल योजना पर अस्थाई विराम लग गया है और जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक नए कार्ड जारी नहीं किए जाएंगे। यह फैसला हजारों लोगों को प्रभावित कर सकता है, जो इस योजना का लाभ उठाने की तैयारी में थे। यह देखSना दिलचस्प होगा कि जांच के बाद सरकार इस योजना को लेकर क्या अगला कदम उठाती है।