बठिंडा | आदेश मेडिकल यूनिवर्सिटी की पार्किंग में 12 जून को एक महिला का शव मिलने के बाद पूरे पंजाब में सनसनी फैल गई थी। मृतका की पहचान कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी के रूप में हुई थी। मामले में अमृतपाल महिरों के दो साथियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। बाद में यह जानकारी सामने आई कि मुख्य आरोपी अमृतपाल महिरों देश छोड़कर दुबई भाग गया है।
अब इस केस ने एक चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें खुद कमल कौर नजर आ रही हैं। वीडियो में वह कहती हैं, “मैं मरी नहीं, जिंदा हूं। अस्पताल में भर्ती थी और वहीं से अपनी मौत की खबर मोबाइल पर देख रही थी। ये खबर पूरी तरह फर्जी है।”
कमल कौर आगे कहती हैं, “जिसने मेरे नाम पर ये झूठी खबर फैलाई, वह कौन है? मेरा वीडियो ज्यादा से ज्यादा शेयर करें ताकि सच सामने आ सके।”
इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोग हैरान हैं। हालांकि, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से शेयर किया जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि “पंजाब केसरी” द्वारा नहीं की गई है।