चंडीगढ़ | भीषण गर्मी से जूझ रहे पंजाबवासियों को आखिरकार राहत मिलनी शुरू हो गई है। राज्य के कई हिस्सों में हुई हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर थोड़ा कम हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर और भी राहतभरी खबर दी है। विभाग के अनुसार पंजाब में जल्द ही प्री-मानसून की एंट्री हो सकती है, जिससे राज्य के कई क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना बन रही है।
30 जून के बाद आएगा मानसून, मिल सकती है भारी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की आधिकारिक एंट्री 30 जून के बाद पंजाब में होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है, जिससे लंबे समय से गर्मी से परेशान लोग राहत की सांस ले सकेंगे। वर्तमान में प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
पठानकोट में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है। वहीं, बीते 24 घंटों में राज्यभर में तापमान में औसतन 5 से 8 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली है।
कहां-कहां दर्ज हुई गिरावट
- फरीदकोट: 6 डिग्री
- मोहाली: 5.4 डिग्री
- लुधियाना: 6 डिग्री
- रोपड़: 6.1 डिग्री
ये आंकड़े सुबह 8:30 बजे तक के हैं, जिसके बाद भी बारिश का सिलसिला जारी रहा और दोपहर तक तापमान और नीचे गिरा। बठिंडा, जहां एक दिन पहले तापमान 41 डिग्री था, अब 7 डिग्री की गिरावट के साथ रिकॉर्ड किया गया।
अगले 4 दिन और भी अहम
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले चार दिनों में मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। ऐसे में पंजाब में झुलसाती गर्मी से व्यापक राहत मिलने के आसार हैं।