Shimla – हिमाचल प्रदेश में मानसून की औपचारिक दस्तक अब कुछ ही दिनों की दूरी पर है। बीते दो दिनों से प्री-मानसून बारिश ने दस्तक दी है और मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 2-3 दिनों में मानसून प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा।
मौसम विभाग ने 21 से 25 जून के बीच राज्य के अधिकतर जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी है।
- 21 जून को ऊना, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
- 22 जून को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
- 23 और 24 जून को बारिश में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन
- 25 जून को फिर से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम वैज्ञानिक शोभित कटियाल ने बताया, “इस बार मानसून में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। जहां औसतन मानसून में 730 मिमी बारिश होती है, इस बार यह आंकड़ा करीब 837 मिमी तक पहुंच सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि जून माह में भी सामान्य से अधिक वर्षा के संकेत मिल रहे हैं।
पिछले वर्ष हुई भारी बारिश ने प्रदेश में व्यापक नुकसान पहुंचाया था। यदि इस वर्ष भी बारिश सामान्य से अधिक रही, तो सरकार और नागरिकों दोनों के लिए सतर्कता बेहद ज़रूरी होगी।