इंदौर | चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब इस मामले में राजा के परिवार से जुड़े ज्योतिषाचार्य पंडित अजय दुबे ने एक नया दावा किया है। उन्होंने आशंका जताई है कि मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी के समलैंगिक संबंध हो सकते हैं और इस पूरी साजिश में 10 से 12 लोग शामिल हो सकते हैं, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
कुंडली विश्लेषण के आधार पर दावा
पंडित दुबे का कहना है कि हत्या के बाद राजा के परिजनों ने उनसे संपर्क किया, जिसके बाद उन्होंने राजा और सोनम की कुंडली का गहन अध्ययन किया। उनके अनुसार, सोनम की कुंडली में शनि की साढ़ेसाती और मंगलदशा का प्रभाव देखा गया, जो स्वार्थी और ज़िद्दी स्वभाव को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कुंडली में समलैंगिक संबंधों का योग भी बन रहा है, और बीते दो वर्षों से सोनम का एक लड़की से रिश्ता हो सकता है, जो इस हत्या की साजिश में शामिल रही हो।
आरोप: शादी से पहले कुंडली की जानकारी छुपाई गई
पंडित दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि सोनम के परिवार ने विवाह से पूर्व राजा की कुंडली में मौजूद ‘पत्नी घात’ और मृत्यु योग की जानकारी को छुपाया था। उन्होंने कहा कि सिर्फ गुण मिलान पर्याप्त नहीं है, विवाह से पहले कुंडली के सभी योगों की गहन जांच होनी चाहिए।
12 लोगों की भूमिका की आशंका
दुबे का दावा है कि इस हत्या में 12 लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिसमें एक महिला और दो पुरुष आरोपी अभी भी फरार हैं। अब तक मेघालय पुलिस सोनम, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह, और तीन शूटर – विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार कर चुकी है।
‘ऑपरेशन हनीमून’ और नार्को टेस्ट की मांग
राजा और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। हनीमून पर मेघालय गए दंपती में से राजा की 23 मई को हत्या कर दी गई। उनका शव 2 जून को शिलांग के वेइसाडोंग वाटरफॉल के पास खाई से बरामद हुआ। पुलिस ने इस केस को ‘ऑपरेशन हनीमून’ नाम दिया है और SIT के जरिए जांच जारी है।
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने सोनम, उसके माता-पिता और भाई गोविंद का नार्को-एनालिसिस टेस्ट कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस अपराध में और लोग शामिल हो सकते हैं। वहीं गोविंद ने राजा की तेरहवीं में शामिल होकर माफी मांगी, लेकिन राजा के परिवार ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। यह मामला अभी भी कई अनसुलझे पहलुओं से जुड़ा हुआ है और आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।