4 July, 2025
भारतीय क्रिकेट टीम का आगामी बांग्लादेश दौरा स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय बीसीसीआई द्वारा बांग्लादेश की वर्तमान सुरक्षा स्थिति और राजनीतिक अस्थिरता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
टीम इंडिया को 17 से 31 अगस्त तक चटगांव और ढाका में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैच खेलने थे। हालांकि यह सीरीज रद्द नहीं हुई है, बल्कि इसे 2026 में पुनः आयोजित किया जाएगा क्योंकि इससे वनडे विश्व कप क्वालीफिकेशन के अंक जुड़े हुए हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि बोर्ड बांग्लादेश में हालिया प्रदर्शनों और अस्थिरता के मद्देनज़र बेहद सतर्क है। बीसीसीआई चाहता है कि बांग्लादेश में आम चुनाव के बाद स्थायी सरकार बनने पर ही दौरा आयोजित किया जाए, ताकि खिलाड़ियों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बांग्लादेश में अंतरिम सरकार
वर्तमान में बांग्लादेश में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार कार्यरत है। पिछले साल अगस्त में छात्रों द्वारा नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ किए गए विरोध प्रदर्शनों के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद यूनुस ने अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।अब उम्मीद की जा रही है कि बांग्लादेश में चुनाव 2025 की शुरुआत से पहले कराए जाएंगे और उसके बाद ही भारत दौरे की नई तारीख तय की जाएगी।