Mandi, 4 July
आगामी पंचायती राज चुनावों के मद्देनज़र हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी रणनीति का एलान किया है। पार्टी ने खुद को राज्य की राजनीति में तीसरे विकल्प के रूप में पेश करते हुए कहा है कि वह युवा और जमीनी कार्यकर्ताओं को पंचायत स्तर पर नेतृत्व का अवसर देगी।
मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता में AAP के प्रदेश सह प्रभारी विजय फुलारा ने बताया कि पार्टी ने अपने पंचायत चुनाव अभियान की शुरुआत कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन के साथ मंडी से कर दी है। यह अभियान जल्द ही कुल्लू, कांगड़ा, चंबा और हमीरपुर जैसे जिलों में भी चलाया जाएगा।
फुलारा ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य ऐसे युवाओं को मंच देना है जो वर्षों से समाजसेवा और राजनीतिक कार्य में सक्रिय हैं, लेकिन मुख्यधारा की पार्टियों द्वारा उपेक्षित रहे हैं। उनके अनुसार, “कांग्रेस और बीजेपी ने युवाओं को केवल झंडा उठाने तक सीमित रखा है, जबकि AAP उन्हें टिकट देकर नेतृत्व का मौका देगी।”पार्टी का कहना है कि इन संवाद सम्मेलनों के माध्यम से स्थानीय मुद्दों की समझ विकसित की जाएगी और पंचायत चुनावों के लिए नीतिगत रणनीति तैयार की जाएगी।
AAP की यह पहल हिमाचल में पंचायत स्तर पर राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ देने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है, खासकर तब जब युवा मतदाताओं की भूमिका दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।