छतरपुर | मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक ढाबे की छत अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबने से एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ।
ढाबे पर रुके थे श्रद्धालु
मिली जानकारी के अनुसार, कई श्रद्धालु बागेश्वर धाम के पास एक ढाबे पर रात गुजार रहे थे। इसी दौरान मौसम बिगड़ा और तेज बारिश के साथ बिजली गिरने लगी। इसी दौरान ढाबे की छत भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालु मलबे में दब गए।
मृत महिला श्रद्धालु उत्तर प्रदेश की निवासी
इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी के रूप में हुई है। वहीं अन्य 10 घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने जताया दुख
स्थानीय निवासियों के अनुसार, हादसा जिस ढाबे में हुआ, वहां अक्सर श्रद्धालु रुकते हैं। सोमवार की रात भी कई लोग यहां ठहरे हुए थे। सुबह होते ही अचानक यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी 3 जुलाई को बागेश्वर धाम परिसर में आरती के दौरान एक टिन शेड गिरने से बस्ती (उत्तर प्रदेश) निवासी श्यामलाल कौशल (50 वर्ष) की जान चली गई थी।
प्रशासन सतर्क, स्थिति पर नजर
प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य चलाया गया है। मौसम को देखते हुए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।