चंडीगढ़ | सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। यह बैठक मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित हुई, जिसमें संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि SYL से जुड़ी सभी विवादित पहलुओं और तथ्यों पर विस्तार से काम किया जाए ताकि आगामी बैठक में हरियाणा अपना पक्ष ठोस तथ्यों के साथ पेश कर सके।
बता दें कि केंद्र सरकार की पहल पर 9 जुलाई को दिल्ली में SYL नहर निर्माण को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भाग लेंगे।
दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने अधिकारियों को अब तक की बैठकों, दस्तावेजों और कानूनी पहलुओं से जुड़ी जानकारी तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं ताकि दिल्ली बैठक में प्रभावशाली ढंग से पक्ष रखा जा सके।