यमुनानगर|जिले के हथिनीकुंड बैराज में तेज बहाव के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना नदी में अचानक बढ़े जलस्तर के चलते 7 भैंसें पानी में बह गईं, जिनमें से 5 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 को जेसीबी मशीन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह भैंसें उत्तर प्रदेश के जानीपुर गांव से आए तीन पशुपालकों की थीं, जो जंगल में चराई के लिए उन्हें लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि चरते-चरते ये भैंसें हथिनीकुंड बैराज के पास पहुंच गईं, जहां यमुना का जलस्तर काफी ऊंचा था और पानी का बहाव बहुत तेज था।
कुछ भैंसें अपस्ट्रीम की ओर जाकर फंस गईं और खुद को बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि 5 भैंसें उसकी चपेट में आकर डूब गईं। वहीं दो भैंसों को समय रहते जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकाल लिया गया। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे वहां मौजूद एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया।
पीड़ित पशुपालकों का कहना है कि भैंसें ही उनका मुख्य आय स्रोत थीं और इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि, सिंचाई विभाग द्वारा लगातार यमुना नदी और बैराज क्षेत्र में लोगों को न जाने की चेतावनी दी जाती रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर लापरवाही कर बैठते हैं, जो कभी-कभी जान-माल के भारी नुकसान का कारण बन जाती है।