अमृतसर | पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों के बाद अमृतसर जिला प्रशासन ने सड़कों की हालत सुधारने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी के नेतृत्व में जिले की 41 प्रमुख शहरी सड़कों को वरिष्ठ अधिकारियों ने “गोद” लिया है, ताकि उनकी नियमित देखरेख और सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अब प्रशासन ने एक गूगल फॉर्म भी जारी किया है, जिसके माध्यम से आम नागरिक सड़क, सफाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने बताया कि इस फॉर्म के माध्यम से नागरिक अपने क्षेत्र का नाम, सड़क की स्थिति, जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइट्स, फुटपाथ की दिक्कतें आदि मुद्दों को रिपोर्ट कर सकते हैं। खास बात यह है कि इन शिकायतों की निगरानी खुद डीसी अमृतसर द्वारा प्रतिदिन की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और प्रशासन को सड़कों को अधिक सुरक्षित, साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें। प्रशासन का यह प्रयास जनता की भागीदारी से शहर को बेहतर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।