Summer express, तिरुवनंतपुरम। केरल के तिरुवनंतपुरम जिले में परासला रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार तड़के भारी बारिश के बीच भूस्खलन होने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। भूस्खलन के कारण बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। हादसे के बाद रेलवे ने एहतियातन ट्रेन सेवाओं पर रोक लगा दी। छह यात्री ट्रेनों को रद कर दिया गया, जबकि प्रभावित एक्सप्रेस ट्रेन की यात्रा भी आंशिक रूप से रद करनी पड़ी। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रात 2:19 बजे हुआ हादसा
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार तड़के करीब 2:19 बजे हुई। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिसके चलते ट्रेन संख्या 22619 को परासला स्टेशन पर रोकना पड़ा। ट्रेन रुकने के बाद उसका इंजन पटरी से उतर गया। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और प्रभावित रेलखंड पर परिचालन बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए।
सभी यात्री और कर्मचारी सुरक्षित
दक्षिण रेलवे ने बयान जारी कर बताया कि ट्रेन में सवार सभी यात्री और रेलवे कर्मचारी सुरक्षित हैं। मौके पर राहत कार्यों के लिए अतिरिक्त इंजन और दुर्घटना राहत ट्रेन भेजी गई है। रेलवे की तकनीकी टीमें पटरी से उतरे इंजन को हटाने और रेल यातायात दोबारा शुरू करने में जुटी हैं।
यात्रियों को बसों से भेजने की व्यवस्था
भूस्खलन के कारण प्रभावित एक्सप्रेस ट्रेन को नेय्यातिनकारा में ही रोकने का निर्णय लिया गया है। ट्रेन को आगे नहीं चलाया जाएगा। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेनों और बसों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा, गुरुवार को संचालित होने वाली छह यात्री ट्रेनों को रद कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इन यात्री ट्रेनों की सेवाएं रहीं रद
रद की गई ट्रेनों में तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-कोल्लम जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ पैसेंजर और कोल्लम जंक्शन-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर सहित अन्य सेवाएं शामिल हैं।
वहीं, कन्याकुमारी से सुबह 3:45 बजे रवाना होने वाली कन्याकुमारी-मंगलुरु सेंट्रल परशुराम एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन सुबह सात बजे रवाना होगी।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
यात्रियों को ट्रेन सेवाओं और यात्रा से संबंधित ताजा जानकारी उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने अस्थायी हेल्पलाइन नंबर 9188241681, 9188523905 और 8590137970 जारी किए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम जिले में बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इसके अलावा, 22 से 25 अक्टूबर तक जिले के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार खराब मौसम के बीच रेलवे और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।