Summer express, नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर पर त्रिपुरा के युवक के साथ कथित नस्ली दुर्व्यवहार करने के मामले में कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस इस मामले में आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और उसे अपने कृत्य का परिणाम भुगतना पड़ेगा।
रिजिजू ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में भले ही देरी हुई हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आरोपित को कार्रवाई से राहत मिल जाएगी। उन्होंने समाज में नफरत और भेदभाव को बढ़ावा देने वाले व्यवहार को बर्दाश्त करने वालों की भी आलोचना की।
मंत्री की यह प्रतिक्रिया इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के बाद आई है। वीडियो में कंटेंट क्रिएटर अमीर शोकीन कथित तौर पर त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ नस्ली और अपमानजनक टिप्पणियां करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूर्वोत्तर के कई क्षेत्रों में इस घटना को लेकर नाराजगी जताई गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कथित दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में त्रिपुरा पुलिस के पास शिकायत भी दर्ज कराई गई है। शिकायत में अमीर शोकीन पर नस्ली उत्पीड़न, इंटरनेट के माध्यम से उत्पीड़न और राज्य के मूल निवासी समुदायों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है।