पटियाला | पटियाला जिले के समाना में प्रशासन ने स्कूलों की लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की है। रीजनल ट्रांसपोर्ट अफसर बबनदीप सिंह वालिया ने बताया कि सेफ स्कूल व्हीकल पॉलिसी को कड़ाई से लागू कराने के लिए 8 निजी स्कूलों के वाहनों की जांच की गई। जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई, जिसके चलते 82 में से 66 वाहनों के चालान किए गए, 4 गाड़ियों को जब्त किया गया और करीब 1.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यह कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव के निर्देश पर एसडीएम ऋचा गोयल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। 7, 9 और 11 जुलाई को तीन दिन में अलग-अलग स्कूलों की जांच की गई।
जांच के दौरान पोक्सो एक्ट और स्कूल बैग नीति के तहत भी स्कूलों में निरीक्षण हुआ और शिक्षकों को जागरूक किया गया। एसडीएम ऋचा गोयल ने स्पष्ट किया कि स्कूलों को 10 दिन का समय दिया गया है। यदि तय समय में कमियां दूर नहीं की गईं, तो अगली कार्रवाई और सख्त होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।