शाहजहांपुर | यूपी के शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक में चोरी की बड़ी कोशिश नाकाम कर दी गई। एक नाबालिग सहित तीन चोरों को बैंक का लाकर तोड़ते वक्त रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि पिपरौला गांव स्थित कृभको खाद फैक्ट्री परिसर में बने PNB बैंक में चोरों ने पहले पीछे से दीवार काटने की कोशिश की, असफल होने पर सीसीटीवी कैमरे तोड़े और मेंन शटर का ताला तोड़कर बैंक में घुसे। दो चोर अंदर लाकर तोड़ने में जुटे थे, जबकि एक बाहर निगरानी कर रहा था।
गश्त कर रही पुलिस को बैंक के पास संदिग्ध गतिविधि का शक हुआ। बाहर खड़े एक युवक को पकड़कर जब अंदर जांच की गई तो दो आरोपी चोरी की कोशिश में लगे मिले। पकड़े गए चोरों में इच्छाराम (23), शंकर और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।