हरियाणा | हरियाणा में कॉमन एलेजिबिलिटी टेस्ट (CET) 26 और 27 जुलाई 2025 को दो शिफ्टों में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस बार करीब 13.47 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है और एक शिफ्ट में लगभग 4.73 लाख परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं।
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की यात्रा दिक्कत न हो, इसके लिए हरियाणा सरकार की ओर से फ्री बस सेवा की सुविधा दी जा रही है। हरियाणा रोडवेज की विशेष बसें अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों के पास तक पहुंचाने का काम करेंगी। साथ ही, एग्जाम सेंटर के नजदीकी प्वाइंट तक शटल बस सेवा भी चलाई जाएगी।
उम्मीदवार इस सेवा का लाभ ऑनलाइन एडवांस बुकिंग के जरिए भी उठा सकते हैं। इसके लिए उन्हें hartrans.gov.in/advance-booking-for-cet-2025/ पर जाकर अपनी डिटेल भरनी होगी।
परीक्षा का शेड्यूल:
- 26 जुलाई (शनिवार): सुबह 10:00 – 11:45 और शाम 03:15 – 05:00
- 27 जुलाई (रविवार): दोनों शिफ्टें इसी समय पर
सुरक्षा के मद्देनज़र 13,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। भीड़भाड़ से बचने के लिए सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि जरूरत के बिना यात्रा न करें।