Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ों पर आफ़त की बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। अब तक राज्य में 100 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और अनुमानित एक हजार करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
राज्य मौसम विभाग ने एक बार फिर चेतावनी जारी की है कि 20 जुलाई की शाम से लेकर 24 जुलाई तक प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। 21 और 22 जुलाई के लिए शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी और कांगड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा में येलो अलर्ट लागू किया गया है।
बीते 24 घंटों की बात करें तो अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में 40 मिलीमीटर और कुल्लू के कोठी में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कांगड़ा, हमीरपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर जैसे इलाकों में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश जारी है।
19 जुलाई को थोड़ी राहत
मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन इसके बाद बारिश का दौर फिर तेज हो जाएगा। खासतौर पर चंबा और कांगड़ा में 18 जुलाई को भी भारी बारिश की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
…….
हिमाचल प्रदेश में आफ़त की बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 20 से 24 जुलाई तक के लिए फिर से चेतावनी जारी कर दी है। 21 और 22 जुलाई को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अब तक 100 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और एक हजार करोड़ से ज्यादा के नुकसान का आंकड़ा सामने आया है। आने वाले दिनों में राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही। ऐसे में आमजन को सावधानी बरतने की सख्त जरूरत है।