Shimla, 18 July
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के प्रतिष्ठित जाखू मंदिर में शुक्रवार को इतिहास रच दिया गया। विश्वविख्यात इस पावन स्थल पर पहले से विराजमान भगवान हनुमान की 108 फीट ऊंची प्रतिमा के साथ अब 108 फीट ऊंचा भगवा ध्वज भी आस्था का प्रतीक बनकर लहरा रहा है। यह ध्वज श्रद्धालुओं के लिए एक और आस्था की प्रेरणा बना है।
इस भव्य आयोजन में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इसे “आस्था और संस्कृति का पर्व” बताया और घोषणा की कि भविष्य में भगवान श्रीराम की 111 फीट ऊंची प्रतिमा भी यहां स्थापित की जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वन अधिनियम से जुड़ी कुछ अड़चनें हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, “जाखू मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हिमाचल की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है। यहां स्थापित विशाल हनुमान प्रतिमा और अब फहराया गया भगवा ध्वज इस भूमि की भव्यता और गौरव को नई ऊंचाई देते हैं।”