जींद | हरियाणा के जींद जिले के चाबरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के सरपंच रोहताश की गुरुवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस समय हुई जब रोहताश आधी रात को अपने किसी काम से जींद से लौट रहा था।
घटना पिंडारा और रधाना गांव के बीच की है, जहां कुछ अज्ञात युवकों ने रोहताश को रास्ते में रोक लिया। बहस और धक्का-मुक्की के बाद हमलावरों ने उसकी लाइसेंसी पिस्तौल छीन ली और उसी से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही रोहताश की मौके पर ही मौत हो गई।
मोबाइल और दस्तावेज सुरक्षित, पिस्तौल बरामद
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। घटनास्थल से रोहताश की पिस्तौल बरामद कर ली गई है, लेकिन मोबाइल फोन और दस्तावेज सुरक्षित हालत में मिले हैं। फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है और पुलिस जांच में जुटी है।
25 साल से चाबरी गांव में रह रहे थे रोहताश
रोहताश मूल रूप से सोनीपत के गामड़ी गांव के रहने वाले थे, लेकिन बीते 25 साल से चाबरी गांव में बस गए थे। उन्होंने अपनी पहचान भी यहीं के पते पर बनवाई थी। वह न केवल सरपंच थे, बल्कि एक मल्टी-पर्पस हेल्थ वर्कर (MPHW) के रूप में ग्रामीणों को दवाएं भी उपलब्ध करवाते थे।
हत्या की वजह रहस्य बनी हुई है, लेकिन एक जनप्रतिनिधि की इस तरह हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दीzहै। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या यह व्यक्तिगत रंजिश थी या किसी गहरी साजिश का हिस्सा?