नूंह | हरियाणा के नूंह जिले में लंबे समय से मिल रही मिलावट की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा विभाग और सीएम फ्लाइंग टीम ने जिले में कई मिठाई और डेयरी उत्पाद बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर सैकड़ों किलो सामग्री जब्त की है।
मिलावट पर शिकंजा, करनाल लैब भेजे गए सैंपल
छापेमारी के दौरान बडक़ली चौक स्थित सोआब मिष्ठान भंडार से देसी घी, घेवर, रसगुल्ला और दूध के नमूने लिए गए। मंडीखेड़ा स्थित भोले बाबा फूड प्रोडक्ट्स से 1000 किलो पनीर जब्त किया गया, वहीं एमके ट्रेडिंग कंपनी, शमशाबाद से 200 किलो पनीर और 3000 किलो दूध के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए करनाल लैब भेजे गए हैं।
इतनी बड़ी कार्रवाई पहली बार
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. रमेश चौहान ने बताया कि यह पहली बार है जब जिले में इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री के सैंपल जब्त किए गए हैं। छापेमारी की कार्रवाई डॉ. चौहान और सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर सत्येंद्र के नेतृत्व में की गई, जिसमें सहायक गौरव भी शामिल रहे।
दुकानदारों में मचा हड़कंप
जांच के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति है। स्थानीय दुकानदारों में डर है कि आगे और भी सख्त कार्रवाई हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी हाल में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।