लुधियाना | हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की शुरुआत से पहले जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अंतिम तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पीडब्ल्यूडी, पब्लिक हेल्थ, पीएसपीसीएल, एनएचएआई, एएआई और ड्रेनेज विभाग के अफसरों के साथ-साथ ठेकेदार कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
डिप्टी कमिश्नर ने सीसीटीवी लगाने, सफाई और अन्य छोटे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और दो दिन के भीतर इन कामों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि टर्मिनल बिल्डिंग पूरी तरह से तैयार है और एयरपोर्ट को आधिकारिक हवाई कोड भी जारी कर दिया गया है।
डीसी जैन ने उम्मीद जताई कि यह एयरपोर्ट लुधियाना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए एक आर्थिक बूस्टर साबित होगा। इससे न सिर्फ निर्यात को बढ़ावा मिलेगा बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।