नई दिल्ली | अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे को लेकर शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद एयर इंडिया ने अपने सभी बोइंग 787 और बोइंग 737 विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच लॉकिंग सिस्टम का एहतियाती निरीक्षण पूरा कर लिया है। विमानन कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस जांच के दौरान किसी भी तरह की तकनीकी खामी नहीं पाई गई।
दरअसल, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की रिपोर्ट में अहमदाबाद हादसे के दौरान फ्यूल कट-ऑफ स्विच अचानक बंद होने का जिक्र किया गया था। रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों इंजनों के फ्यूल स्विच कुछ सेकंड के अंतराल में ‘रन’ से ‘कट-ऑफ’ मोड में चले गए। इससे विमान में तकनीकी संकट उत्पन्न हो गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डिंग में एक पायलट दूसरे से पूछता है, “तुमने इंजन क्यों बंद किया?” जवाब में दूसरा पायलट कहता है, “मैंने कुछ नहीं किया।” इस संवाद से यह संकेत मिला कि फ्यूल स्विच अपने आप बंद हो गए।
एयर इंडिया ने AAIB की इस प्रारंभिक रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए अपने पूरे फ्लीट की जांच कराई और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताया है।