हरियाणा | हरियाणा सरकार जल्द ही महिलाओं के लिए अपनी बहुप्रतीक्षित लाड़ो लक्ष्मी योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत राज्य की करीब 50 लाख बीपीएल महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके लिए महिलाओं की फैमिली आईडी से बैंक खाते लिंक किए जा रहे हैं।
यह योजना भाजपा के विधानसभा चुनावी संकल्पों में से एक है और समाज कल्याण विभाग ने इसका मसौदा तैयार कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भेज दिया है। योजना को मुख्यमंत्री कार्यालय और वित्त विभाग से जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
पहले चरण में 50 लाख महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने जानकारी दी कि योजना का खाका महिला हितों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है, जिसमें आय सीमा, आयु वर्ग और निवास प्रमाण जैसी शर्तें शामिल हैं। पहले चरण में 18 से 60 वर्ष की आयु की महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। हालांकि, आयुसीमा को बढ़ाकर 23 वर्ष से शुरू करने पर भी विचार चल रहा है।
फैमिली आईडी अपडेट करना जरूरी
लाभ पाने के लिए महिलाओं को अपनी फैमिली आईडी में बैंक खाता और आय संबंधी विवरण अपडेट करना अनिवार्य होगा। सरकार फैमिली आईडी के माध्यम से ही पात्र महिलाओं का चयन कर रही है, जिसकी वार्षिक पारिवारिक आय सीमा 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
चुनावी मुकाबले की बड़ी चाल?
कांग्रेस पहले ही 2000 रुपये प्रतिमाह महिलाओं को देने का वादा कर चुकी है, जबकि भाजपा ने उसे पीछे छोड़ते हुए 2100 रुपये देने का ऐलान किया है। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा इस योजना को विधानसभा चुनाव से पहले लागू कर पाती है या नहीं।