गुरुग्राम | गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे यहां रह रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि इन्होंने आधार कार्ड जैसे अहम दस्तावेज गुरुग्राम के पते पर बनवाए थे। पुलिस अब इन्हें डिपोर्ट करने की तैयारी में है।
चार होल्डिंग सेंटर, कई संदिग्ध और भी रडार पर
पुलिस ने शहर में चार होल्डिंग सेंटर बनाए हैं, जहां संदिग्ध विदेशी नागरिकों को रखा जा रहा है। सेक्टर-40, सेक्टर-10, बादशाहपुर और मानेसर के कम्युनिटी सेंटर में कुल 200 से अधिक लोग डिटेन हैं।
मकान मालिकों के लिए अलर्ट जारी
कई घुसपैठियों ने स्थानीय किराए के मकानों का पता देकर दस्तावेज बनवाए हैं। इस पर पुलिस ने मकान मालिकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना पुलिस वेरिफिकेशन किसी को भी किराए पर ना रखें। साथ ही किराएदारों की जानकारी थाने में देना अनिवार्य किया गया है।
पुलिस को आशंका है कि शहर में अभी कई और ऐसे बांग्लादेशी या रोहिंग्या नागरिक छिपे हो सकते हैं। अभियान तेज कर दिया गया है।