नई दिल्ली | कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को बड़ा बयान देते हुए चुनाव आयोग पर सीधे-सीधे धांधली की अनुमति देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास कर्नाटक के एक निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव आयोग की मिलीभगत से हुए फर्जीवाड़े के 100 प्रतिशत पक्के सबूत हैं। राहुल ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आयोग या उसके अधिकारी ये सोचते हैं कि वे इससे बच निकलेंगे, तो यह उनकी भारी गलतफहमी है।
“चुनाव आयोग, आयोग की तरह काम नहीं कर रहा”
राहुल गांधी ने कहा कि आयोग देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक संस्था होने के बावजूद अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल हो रहा है। उन्होंने बिहार में चल रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान पर भी सवाल उठाए और कहा कि जो स्पष्टीकरण आयोग की ओर से आया है वह “पूरी तरह बकवास” है।
कर्नाटक में “हज़ारों फर्जी मतदाता”
राहुल के मुताबिक, कर्नाटक के एक निर्वाचन क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे नए मतदाता जोड़े गए हैं जिनकी उम्र 45 से 65 साल के बीच है। उन्होंने इसे “सुनियोजित चुनावी गड़बड़ी” बताया और कहा कि अगर एक सीट पर ऐसा हो सकता है तो बाकी क्षेत्रों में भी यही हो सकता है। “हमारे पास पुख्ता सबूत हैं, और जब हम दिखाएंगे तो यह 100% साबित हो जाएगा,” – राहुल गांधी
सियासी माहौल गरमाया
राहुल के इस बयान से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस जहां इस मामले को और उठाने की तैयारी में है, वहीं अभी तक चुनाव आयोग की तरफ से कोई ठोस जवाब सामने नहीं आया है।