हरियाणा | हरियाणा में 26 और 27 जुलाई को होने वाली CET परीक्षा 2025 को लेकर सरकार ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। HSSC द्वारा आयोजित इस परीक्षा में करीब 13.48 लाख युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। भारी संख्या में उम्मीदवारों की भागीदारी को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कई अहम घोषणाएं की हैं।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने जींद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि परीक्षा के चलते राज्य के सभी स्कूल 26 और 27 जुलाई को बंद रहेंगे, भले ही वहां परीक्षा केंद्र हों या नहीं। हालांकि 27 जुलाई को रविवार है, लेकिन फिर भी इसे लेकर भ्रम की स्थिति दूर कर दी गई है।
परीक्षार्थियों के लिए विशेष इंतजाम
CM सैनी ने CET परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 9200 बसों का इंतजाम करवाया है, ताकि किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत न हो। वहीं बिजली आपूर्ति को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं कि परीक्षा के दौरान दोनों शिफ्टों में बिना बाधा बिजली सप्लाई दी जाए।
सरकार के मुताबिक परीक्षा की सुरक्षा, परिवहन और सुविधाओं को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।