कैथल | कैथल के बड़सीकरी कलां गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव की एक गली में खून से लथपथ युवक का शव मिला। मृतक की पहचान मटौर निवासी प्रवीन (24) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसकी हत्या गंडासे से की गई और शव को घटनास्थल पर फेंका गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में दहशत फैल गई और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आस-पास की गलियों में खून के धब्बे मिले हैं, जिससे यह साफ हुआ कि हत्या किसी और जगह पर कर शव को यहां फेंका गया।
प्रवीन के पिता पालाराम ने बताया कि उनका बेटा नशे से दूर रहता था और उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। वे इस बात से भी अनजान हैं कि वह बड़सीकरी गांव क्यों गया था।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर सबूत जुटाए हैं। थाना प्रभारी रामनिवास ने हत्या की पुष्टि की है और बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।