अमृतसर | अमृतसर में श्री दरबार साहिब को मिल रही धमकी भरी ईमेल्स के मामले में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक ये ईमेल्स डार्क वेब के जरिए भेजी जा रही हैं, जिससे इनकी ट्रैकिंग बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई है। अब तक SGPC को करीब 10 धमकी भरी ईमेल्स मिल चुकी हैं।
इस गंभीर मामले को देखते हुए SGPC पूरी तरह अलर्ट पर है। पुलिस और साइबर सेल की टीमें भी एक्टिव मोड में आ गई हैं और लगातार जांच में जुटी हैं।
क्या है डार्क वेब और क्यों है खतरनाक?
डार्क वेब इंटरनेट का वह हिस्सा है जो सामान्य ब्राउज़रों से एक्सेस नहीं किया जा सकता। यह Tor जैसे विशेष ब्राउज़रों के जरिए ही चलता है और यूज़र की पहचान पूरी तरह छिपा लेता है। इस तकनीक के चलते धमकी देने वालों की पहचान कर पाना जांच एजेंसियों के लिए बेहद मुश्किल हो गया है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
SGPC अधिकारियों का कहना है कि मंदिर परिसर की सुरक्षा को और मजबूत किया गया है। साथ ही पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स के सहयोग से धमकी देने वालों का पता लगाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। यह मामला अब राज्य की सुरक्षा एजेंसियों और साइबर क्राइम यूनिट के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है।