मॉस्को | रूस से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। अंगारा एयरलाइंस का एक An-24 यात्री विमान गुरुवार को उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद हवा में लापता हो गया। विमान में 50 लोग सवार थे, जिनमें 43 यात्री और 6 क्रू मेंबर शामिल हैं। विमान की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है लेकिन अभी तक कोई मलबा या लोकेशन नहीं मिल पाई है।
चीन बॉर्डर के पास टूटा संपर्क
यह विमान रूस के अमूर क्षेत्र के टिंडा शहर की ओर जा रहा था, जो चीन सीमा के पास स्थित है। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। विमान की अंतिम लोकेशन एक घने जंगल और पहाड़ी इलाके में मिली है, जिससे बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।
सर्च ऑपरेशन में जुटी टीमें
रूसी इमरजेंसी सर्विसेज की टीमें हेलिकॉप्टर और ग्राउंड यूनिट्स के साथ तलाशी अभियान चला रही हैं। मौसम और इलाके की चुनौती के चलते अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। विमान में 5 छोटे बच्चों के भी होने की बात सामने आई है।
क्या हो सकता है हादसे की वजह?
फिलहाल विमान हादसे की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अधिकारियों ने तकनीकी खराबी, खराब मौसम या इमरजेंसी जैसे कारणों की आशंका जताई है। जब तक कोई मलबा या संकेत नहीं मिलता, किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगा।
सरकार और एयरलाइन की प्रतिक्रिया
रूस की सिविल एविएशन एजेंसी और एयरलाइन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। यात्रियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब दुनिया भर में विमान सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।