Chamba, 27 July
मणिमहेश यात्रा के शुभारंभ से पूर्व भरमौर क्षेत्र के विधायक डॉ. जनकराज ने होली से मणिमहेश तक लगभग 17 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यह धार्मिक यात्रा 16 अगस्त से शुरू हो रही है, जिसको लेकर विधायक ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. जनकराज ने स्वच्छता अभियान की अगुवाई करते हुए स्वयं झाड़ू लगाई और श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगभग 200 शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी प्रगति की भी उन्होंने समीक्षा की।विधायक ने पेयजल, चिकित्सा, ठहराव, सुरक्षा और सफाई जैसी आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का आकलन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने लंगर व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि मणिमहेश यात्रा केवल धार्मिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक है, और इसे स्वच्छ व सुगठित बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।