हांसी | हांसी के उमरा रोड स्थित फौजी अकादमी के पास मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सिवानी फीडर नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक की पहचान प्रेम नगर निवासी 35 वर्षीय काला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे घर से निकला था और रातभर घर नहीं लौटा। परिजन उसे पूरी रात ढूंढते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह उसकी लाश मिलने पर पुलिस को जानकारी दी गई।
शहर थाना प्रभारी सदानंद के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।